-ईरानी राष्ट्रपति ने भेजा संदेश
नई दिल्ली । ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईरान आने का निमंत्रण दिया है। यह निमंत्रण ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भेजा गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईरानी राष्ट्रपति की ओर से भेजे गए संदेश में भारत और ईरान के ऐतिहासिक एवं रणनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति को महत्वपूर्ण बताया गया है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा और संपर्क परियोजनाओं को लेकर लंबे समय से घनिष्ठ सहयोग रहा है। अयातुल्ला अली खामेनेई ईरान की राजनीतिक और धार्मिक व्यवस्था के सबसे प्रभावशाली नेता रहे हैं। उनके निधन के बाद ईरान में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया और दुनिया के कई देशों के नेताओं तथा प्रतिनिधियों को अंतिम विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है।
भारत और ईरान के संबंधों के लिहाज से यह निमंत्रण कूटनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के मुद्दों के बीच दोनों देशों के बीच संवाद लगातार बना हुआ है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में स्वयं शामिल होंगे या भारत की ओर से किसी उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को भेजा जाएगा, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

