किसान दिवस आयोजित कर किसानों को सौंपे 52 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र

इंदौर

इन्दौर बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक अशोक कुमार पाठक के मुख्य आतिथ्य तथा नाबार्ड के डीडीएम सुहास पटरे के विशिष्ट आतिथ्य में बैंक ऑफ इंडिया- इंदौर अंचल द्वारा इंदौर स्थित आंचलिक कार्यालय पर किसान दिवस का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 100 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदौर अंचल के आंचलिक प्रबंधक गोविंद शारदा जी ने की। अन्नदाताओं के आर्थिक सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों को कुल 52 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे गए। मुख्य समारोह के समानांतर, बैंक ऑफ़ इंडिया की विभिन्न शाखाओं में भी किसान मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बैंक अधिकारियों ने सीधे किसानों से संवाद कर उन्हें आधुनिक बैंकिंग सेवाओं, रियायती ऋण योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग के लाभों से अवगत कराया। कार्यक्रम के समापन पर उप आंचलिक प्रबंधक गणेश चंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, बैंक स्टाफ और पधारे हुए किसान भाइयों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।