जल संकट पर कंट्रोल रूम से निगरानी, प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से होगी सप्लाई

इंदौर

आयुक्त क्षितिज सिंघल ने स्काडा कंट्रोल रूम पहुंचकर ली जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ::
इंदौर । शहर में प्रभावित जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने मोर्चा संभाल लिया है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने रविवार सुबह मुसाखेड़ी स्थित स्काडा कंट्रोल रूम पहुंचकर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति जानी और निर्देश दिए कि जिन इलाकों की टंकियां खाली हैं या निर्धारित स्तर से कम भरी हैं, वहां टैंकरों के माध्यम से तत्काल वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जल प्रदाय विभाग के अनुसार, नर्मदा तृतीय चरण के 180 एमएलडी प्रोजेक्ट में नदी में कचरा आने से सम्प का जलस्तर कम हो गया था। इसके साथ ही बड़गोंदा गांव के पास 1200 मिमी व्यास की ग्रेविटी मेन पाइपलाइन में लीकेज सुधार कार्य के लिए पंप बंद करने पड़े, जिससे 19 जुलाई को शहर के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित हुई।
अन्नपूर्णा क्षेत्र की टंकी पूरी तरह खाली रही, जबकि स्कीम-103, राज मोहल्ला, छत्रीबाग, सदर बाजार, सुभाष चौक, मल्हार आश्रम, गांधी हॉल, लोकमान्य नगर, द्रविड़ नगर, जिंसी, महाराणा प्रताप नगर, जय हिंद, बाणगंगा, कुशवाह मोहल्ला, नरवल, अगरबत्ती और टिगरिया बादशाह क्षेत्र की टंकियां निर्धारित स्तर से कम भर पाईं।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति की सतत निगरानी रखी जाए और जरूरत वाले क्षेत्रों में टैंकरों की उपलब्धता में कोई कमी न हो। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सामान्य जलापूर्ति बहाल होने तक प्रभावित इलाकों में वैकल्पिक व्यवस्था जारी रहेगी।