गड्ढों को भरने के लिए मॉर्निंग वॉक ग्रुप ने श्रमदान किया

मध्य प्रदेश

इंदौर। अग्रवाल पब्लिक स्कूल चौराहा (जोडियक मॉल स्क्वायर) स्थित आनंदवन-2, स्कीम नंबर 140 के सामने सर्विस रोड पर बरसात के कारण बने खतरनाक गड्ढों को भरने के लिए आनंदवन-2 मॉर्निंग वॉक ग्रुप के सदस्यों ने रविवार सुबह श्रमदान किया। सुबह के समय यातायात अपेक्षाकृत कम होने का लाभ उठाते हुए सदस्यों ने ईंटों व गिट्टी से गड्ढों को अस्थायी रूप से भरकर राहगीरों के लिए सड़क को सुरक्षित बनाने का प्रयास किया।

मॉर्निंग वॉक ग्रुप के सदस्य समीर खंडेलवाल, के.के. अरोरा , प्रवीण भागवत, विनोद खंडेलवाल, विजय खंडेलवाल, संदीप भार्गव सहित अन्य साथियों ने बताया कि शाम के समय इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक रहता है। सड़क सूखी होने पर गड्ढे स्पष्ट दिखाई देते हैं, इसलिए चारपहिया वाहन चालक उन्हें बचाने के लिए अचानक ब्रेक या कट मारते हैं, जिससे पीछे आ रहे वाहनों के टकराने का खतरा बन जाता है। वहीं बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।