भोपाल । अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद, पद्मावती संभाग की विजयवर्धिनी शाखा, भोपाल द्वारा महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेड डॉट अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान उपयोग होने वाले सेनेटरी पैड्स एवं अन्य डिस्पोजेबल सामग्री के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण की जानकारी दी गई।
प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती माधवी शाह की प्रेरणा तथा संभाग अध्यक्ष डॉ. सविता जैन के मार्गदर्शन में शाखा अध्यक्ष श्रीमती सुनीता जैन और उनकी टीम ने मीनाल रेजिडेंसी के लगभग 35 सफाई कर्मचारियों को सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया समझाई। साथ ही इंद्रपुरी बालिका छात्रावास और अशोका गार्डन स्थित सरस्वती विद्या मंदिर की करीब 90 छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूक कर सेनेटरी पैड्स वितरित किए गए।
वक्ताओं ने कहा कि रेड डॉट अभियान महिला स्वास्थ्य, गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण जन-जागरूकता पहल है।

