कबाड़ बीनने की आड़ में रैकी कर लाखो की चोरी करने वाला परिवार गिरफ्तार

मध्य प्रदेश

सरगना पत्नि रैकी के बाद 13 साल के बेटे और पति के साथ करती थी चोरी, सोने-चांदी के गहने, चांदी की ईटें, नकदी बरामद


भोपाल । राजधान की कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक ऐसे परिवार को दबोचा है जो कबाड़ बीनने की आड़ में सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातो को अंजाम देता था। गिरोह की सरगना महिला अपने 13 साल बेटे को घर के अंदर दाखिल कर देती इस दौरान उसका पति बाहर निगरानी करता था। पुलिस ने पति-पत्नी और नाबालिग को पकड़कर उनके कब्जे से करीब 12 लाख के सोने-चांदी के जेवर, दो किलो चांदी की ईटें और नकदी बरामद की है। आरोपी महिला पहले भी शहर के तीन थानों में चोरी के मामलों में जेल जा चुकी है।

  • शहर से बाहर गये किसान के घर से समेटा था माल
    पुलिस के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड, कोहेफिजा में रहने वाले किसान जमाल खालिद 9 जुलाई को परिवार सहित हैदराबाद में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए थे। 14 जुलाई को जब वह वापस लौटे तो उन्हें घर का ताला टूटा नजर आया। अंदर जाकर देखने पर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, एक-एक किलो की दो चांदी की ईटें और नकदी गायब थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर अहम सुराग हाथ लगे। इसके बाद टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांधी नगर की गौड़ बस्ती निवासी अबीना पारदी और उसके पति बादल पारदी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अबीना ने खुलासा कयिा वह कबाड़ बीनने के बहाने कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों को टारगेट करती थी। मकान खाली मिलने पर बाद में ताला तोड़कर अपने 13 साल के बेटे को अंदर दाखिल करती जो गहने और नकदी समेटकर ले आता था। चोरी का सामान पति-पत्नी अपने घर में छिपा देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन सोने के हार, एक जोड़ी सोने के झुमके, दो किलो चांदी की ईटें और 1.50 लाख से अधिक की नगदी सहित करीब 12 लाख का माल जप्त किया है।
  • आरोपी महिला पर कई थाने में मामले दर्ज
    थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी महिला अबीना पारदी के खिलाफ रातीबड़, खजूरी सड़क और तलैया थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी दंपत्ति से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।