-मेरा समय बर्बाद मत करो के बयान की अब सीजेआई सूर्यकांत ने बताई सच्चाई
नई दिल्ली । जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन चल रहा है। बीते दिनों सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस एक्शन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की मांग की गई। इस दौरान सीजेआई सूर्यकांत की टिप्पणी काफी चर्चा में रही। सीजेआई सूर्यकांत ने तब कहा था कि उनके पास वीडियो देखने का वक्त नहीं है उनका समय बर्बाद न करें। यह बयान जब वायरल हुआ तो खुद सीजेआई सूर्यकांत ने उस टिप्पणी की सच्चाई बताई। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने शुक्रवार को मीडिया से नाराजगी जताई। उनका मानना है कि उनके बयान को लेकर इस मामले में मीडिया ने गलत रिपोर्टिंग की।
मीडिया रिपोर्ट में बार एंड बेंच की खबर के मुताबिक मीडिया की रिपोर्टिंग को गलते बताते हुए सीजेआई ने कहा कि सीजेपी प्रदर्शन से जुड़े मामले में उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में कोई याचिका दायर ही नहीं हुई थी। सिर्फ एक प्रतिनिधित्व दिया गया था। बता दें मीडिया में यह खबर आई थी कि सीजेआई सूर्यकांत ने 22 जुलाई को एक याचिका को लिस्ट करने से इनकार कर दिया था। सीजेआई ने कहा कि मीडिया ने गलत रिपोर्ट किया कि मैंने मामले को लिस्ट करने से इनकार कर दिया। यह केवल एक रिप्रेजेंटेशन था और लोगों ने बिना सोचे-समझे इसकी रिपोर्टिंग शुरू कर दी। मैंने रजिस्ट्री से पता किया और कोई भी सीजेपी प्रोटेस्ट से जुड़ा कागज दायर नहीं किया गया था।
बता दें 22 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में एक वकील ने एक मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर ज्यादती की थी। उन्होंने मामले को लिस्ट करने की मांग की और कहा कि पुलिस की बर्बरता के वीडियो सबूत मौजूद हैं। उन्होंने कहा था, ‘जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। पुलिस बर्बर कार्रवाई कर रही है…’ इस पर उस दिन सीजेआई सूर्यकांत ने कहा था, ‘हमारे पास समय नहीं है। हमारा समय बर्बाद न करें और अपना भी नहीं। इसके बाद वकील ने कहा था कि वह कुछ अहम मांगें कर रहे हैं, जिनमें सरकार की ओर से नीट का निष्पक्ष आयोजन और बार-बार पेपर लीक होने के कारण एनटीए को भंग करना शामिल है।
जब सुप्रीम कोर्ट ने अगला मामला पुकारा तो वकील ने जोर देकर कहा कि वह प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस की ज्यादती दिखाने वाले वीडियो पेश कर सकते हैं। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि ‘हमें वीडियो में कोई दिलचस्पी नहीं है। हमारे पास देखने का टाइम नहीं है। सीजेआई की इस टिप्पणी पर खूब चर्चा हुई इसकी आलोचना भी हुई।

