इस्तीफे पर रिजिजू बोले- सच्ची लीडरशिप दशकों में मापी जाती है

ताज़ा खबर देश

-धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भाजपा नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देते हुए प्रधान के योगदान और शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों की प्रशंसा की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर धर्मेंद्र प्रधान के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि सच्ची लीडरशिप दशकों में मापी जाती है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का सार्वजनिक जीवन छात्रों के कल्याण और शिक्षा सुधारों के प्रति समर्पण का प्रमाण है। रिजिजू ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनके साथ काम करते हुए उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और छात्रों को हर नीति के केंद्र में रखने के लिए प्रधान की प्रतिबद्धता को करीब से देखा। उन्होंने उनके साहस, स्पष्ट दृष्टि और सुधारों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रभावी क्रियान्वयन और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि बड़े सार्वजनिक हित को प्राथमिकता देते हुए पद छोड़ने का उनका निर्णय ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण है। नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी इस निर्णय में धर्मेंद्र प्रधान के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकता और युवाओं के भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप एक माह के भीतर दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई। उनके अनुसार परीक्षा पूरी तरह लीक-प्रूफ रही और परिणाम भी समय पर घोषित किए गए। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी ताकतों ने देश का माहौल खराब करने का प्रयास किया, लेकिन प्रधानमंत्री हमेशा छात्रों और युवाओं की चिंताओं के प्रति संवेदनशील रहे हैं।