यहां प्रधान का इस्तीफा आया वहां राजनाथ का बयान हुआ वायरल, इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते…

ताज़ा खबर देश

-सोशल मीडिया पर चर्चा हुई तेज
नई दिल्ली । नीट मामले में युवाओं के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जहां चर्चा का विषय बना हुआ है वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक पुराना बयान एक बार फिर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बयान में राजनाथ सिंह ने कहा था, एनडीए सरकार में मंत्रियों के इस्तीफे नहीं होते। अब प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस बयान को लेकर सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी अपने संबोधन में राजनाथ सिंह के इसी पुराने बयान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कभी कहा गया था कि एनडीए सरकार में मंत्री इस्तीफा नहीं देते, लेकिन जनदबाव के चलते आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा। दिपके ने अपने भाषण में कहा, दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए, और इसे आंदोलन की सफलता से जोड़ा।
दरअसल, राजनाथ सिंह का यह बयान उस समय का है जब उन्होंने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था, मंत्रियों के त्यागपत्र नहीं होते हैं भैया, यह यूपीए सरकार नहीं है, यह एनडीए सरकार है। हमारे मंत्री वह काम भी नहीं करते, जो उनके मंत्री करते थे। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर फिर से साझा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कई यूजर्स ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, राजनाथ जी, अब इस्तीफा किसने दिया? आपने ही कहा था कि एनडीए सरकार में मंत्री इस्तीफा नहीं देते। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, 2017 में कहा गया था कि मोदी सरकार में कोई मंत्री इस्तीफा नहीं देगा, लेकिन 2026 में विरोध के बाद शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। अब इस तरह की प्रतिक्रयाएं सोशल मीडिया पर तेजी से सामने आ रही हैं। राजनाथ सिंह के साथ ही साथ मोदी सरकार को घेरने में कोई कमी नहीं रख रहा है और युवाओं की ताकत को कम आंकने वालों को इसी तरह से सबक सिखाने की बात भी की जा रही है। हालांकि, सोशल मीडिया पर की गई इन टिप्पणियों और दावों को संबंधित यूजर्स की व्यक्तिगत प्रतिक्रियाओं के रूप में देखा जाना चाहिए।