नई दिल्ली । वंदे मातरम को लेकर बढ़ते विवाद के बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार कर कहा कि उन्होंने वहीं गीत गाया जो महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी गाया था। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने भाजपा को चुनौती देकर कहा कि अगर इस गीत को गाना अपराध है, तब उन्हें महात्मा गांधी, नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस पिछले 18 वर्षों से इसी परंपरा का पालन कर रही है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब बीजेपी ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम गायन में बाधा डालने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता खड़गे ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने उनके जन्म से बहुत पहले ही देश के राष्ट्रीय गीतों को लेकर प्रस्ताव पारित किया था, और वे उसी 90 साल पुरानी परंपरा को जारी रखे हुए हैं, न कि कोई नया नियम बना रहे हैं।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोनिया गांधी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि उनका खून ज्यादातर इटैलियन है, और सोनिया गांधी से उम्मीद की जा सकती है। केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी ने सवाल उठाया कि क्या वह हमारे देश की हैं। यह विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और राजनीतिक गलियारों में इस पर तीखी बहस जारी है।

