कनाडिया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड; अन्नपूर्णा में स्ट्रीट फूड हब और फूटी कोठी फ्लायओवर के नीचे पीपीपी मॉडल पर स्मार्ट हब ::
इंदौर । शहर की कनेक्टिविटी बढ़ाने, स्ट्रीट फूड कारोबार को व्यवस्थित करने और फ्लायओवर के नीचे की जगह का बेहतर उपयोग करने के लिए नगर निगम ने तीन बड़े प्रोजेक्टों को मंजूरी दी है। महापौर इन कौंसिल (एमआईसी) की मैराथन बैठक में कनाडिया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड, अन्नपूर्णा तालाब के हॉकर्स जोन में स्ट्रीट फूड हब और फूटी कोठी फ्लायओवर के नीचे पीपीपी मॉडल पर स्मार्ट हब विकसित करने का निर्णय लिया गया। बैठक महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में हुई।
कनाडिया रोड से खजराना मंदिर तक लिंक रोड बनने से दोनों क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ यातायात दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। खजराना मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह मार्ग उपयोगी होगा। अन्नपूर्णा तालाब के हॉकर्स जोन में स्ट्रीट फूड हब विकसित किया जाएगा। इससे स्ट्रीट फूड गतिविधियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और नागरिकों को भी सुविधाजनक फूड जोन उपलब्ध होगा। वहीं फूटी कोठी फ्लायओवर के नीचे उपलब्ध जगह को पीपीपी मॉडल पर स्मार्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
एमआईसी ने शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। पलासिया चौराहे पर ‘आई लव इंदौर’ के साथ अखंड भारत थीम पर स्मारक बनाया जाएगा। इसके अलावा शहर में 70 नई गैंट्री के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
अवैध कॉलोनियों में स्थित निजी संपत्तियों के संपत्तिकर खाते खोलने और नामांतरण की प्रक्रिया सरल करने का निर्णय भी लिया गया। इससे संबंधित संपत्ति मालिकों को निगम की प्रक्रियाओं में राहत मिलने की उम्मीद है।
गणेश विसर्जन चल समारोह में शामिल होने वाले अखाड़ों की प्रोत्साहन राशि 15 हजार से बढ़ाकर 21 हजार रुपए कर दी गई। निगम द्वारा परंपरानुसार गणेश उत्सव एवं झांकी निकालने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित महापौर परिषद के सदस्य, अपर आयुक्त और विभाग प्रमुख मौजूद रहे।

