सीएम योगी ने पीआरडी जवानों का भत्ता बढ़ाया, विपक्ष पर साधा निशाना

ताज़ा खबर देश-विदेश

गोरखपुर । उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने का ऐलान किया। इसके साथ ही, जवानों और उनके परिजनों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की योजना का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर, मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों के नेताओं ने प्रदेश का धन लूटकर दुबई में छिपाया था। योगी ने दावा किया कि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान जब मिसाइलें दुबई में उनके कथित अवैध ठिकानों पर गिरीं, तब इन नेताओं के घरों में चिल्लाहट सुनाई दी क्योंकि उनकी अवैध कमाई को नुकसान पहुँच रहा था। मुख्यमंत्री योगी ने कहा, यानी मौतें दुबई में हो रही थीं, मिसाइल वहां गिर रही थीं और चिल्लाहट इन नेताओं के घर में हो रही थी क्योंकि उनका अवैध कमाई का पैसा जा रहा था।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पीआरडी के स्वयंसेवक उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करते हैं। हालांकि,उन्होंने याद दिलाया कि 2017 से पहले इन समर्पित जवानों को अक्सर ड्यूटी नहीं मिलती थी। उन्होंने पीआरडी के समर्पण भाव की सराहना की और उनकी भूमिका को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जाहिर की।