50 छात्राओं ने समझी मीडिया की कार्यप्रणाली, करियर के अवसर भी जाने

इंदौर

:: एक्सपोजर विजिट में समाचार संकलन से प्रकाशन तक की प्रक्रिया समझी; प्रिंट-डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप पर चर्चा ::
इंदौर (ईएमएस)। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की 50 छात्राओं ने दैनिक भास्कर की एक्सपोजर विजिट में समाचार संकलन से प्रकाशन तक की प्रक्रिया समझी। प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ और यूएन वुमन लिंक वुमन प्रोजेक्ट के संयुक्त आयोजन में हुई विजिट में छात्राओं ने मीडिया के विभिन्न विभागों, कार्यप्रणाली और करियर व रोजगार की संभावनाओं को जाना।
दैनिक भास्कर की ओर से दुर्गानंद झा एवं शिवनारायण तिवारी ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने समाचार संकलन, लेखन, संपादन और प्रकाशन की प्रक्रिया के साथ प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया के कामकाज की जानकारी दी। मीडिया के बदलते स्वरूप, तकनीकी बदलाव और पत्रकारिता के लिए जरूरी कौशल पर भी चर्चा की।
:: भाषा के साथ तकनीकी दक्षता जरूरी ::
वक्ताओं ने बताया कि मीडिया क्षेत्र में करियर के लिए भाषा और लेखन क्षमता के साथ डिजिटल तकनीक की समझ, संचार कौशल और तथ्यों की शुद्धता जरूरी है। छात्राओं को पत्रकारिता के अलावा सामग्री लेखन, डिजिटल मीडिया और संपादन जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।
विजिट के दौरान छात्राओं ने मीडिया से जुड़े सवाल पूछे और कक्षा में सीखे सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक कार्यप्रणाली से जोड़कर समझा। उन्होंने विभिन्न विभागों के कामकाज और कार्यस्थल के वातावरण की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन एवं संयोजन स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की जिला नोडल डॉ. सीमा तिवारी ने किया। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी प्रो. रितु माथुरिया ने समन्वय किया।