:: जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में 595 गांवों की जलापूर्ति की समीक्षा; भूजल स्तर बढ़ाने पर जोर ::
इंदौर (ईएमएस)। जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सांसद निधि और सीएसआर फंड से 100 से अधिक वॉटर कूलर एवं आरओ लगाए जा चुके हैं। अब 200 और स्कूलों में यह सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय गुरुवार को कलेक्ट्रेट में हुई जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में लिया गया। बैठक में सांसद शंकर लालवानी और कलेक्टर शिवम वर्मा ने जलापूर्ति एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सभी नागरिकों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू रखने, हैंडपंपों का नियमित संधारण और वॉटर रिचार्जिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलापूर्ति से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए प्लंबरों को प्रशिक्षण देने तथा भूजल स्तर बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी रखने पर भी जोर दिया।
:: 595 गांवों में जलापूर्ति की समीक्षा ::
बैठक में बताया गया कि जिले के 595 गांवों में से अधिकांश में जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति की जा रही है। सभी विकासखंडों में पानी की टंकियों की सफाई कर उन्हें भरा जा रहा है। संपवेल के माध्यम से भी जलापूर्ति की जा रही है। ग्राम पंचायतों को जलापूर्ति के लिए उपलब्ध कराई गई राशि और पेयजल उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की गई। गर्मी के दौरान पेयजल उपलब्धता को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि जिले में सभी स्तरों पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है।
:: 334 पंचायतों में कचरा वाहनों से उठाव ::
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले की 334 ग्राम पंचायतों में कचरा वाहनों के माध्यम से कचरा एकत्र कर उसका निष्पादन किया जा रहा है। सभी जनपदों में क्लस्टर बनाए गए हैं। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत संबंधित इकाइयों का पोर्टल पर पंजीयन किया जा रहा है। कचरा वाहनों को जीपीएस आधारित निगरानी प्रणाली से जोड़ा जा रहा है।
पंचायतों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। बैठक में सांवेर क्षेत्र की खजुरिया ग्राम पंचायत स्थित नगर निगम की गौशाला में 41 लाख रुपये की लागत से गोबर गैस प्लांट के लिए जारी प्रशासकीय स्वीकृति की जानकारी भी दी गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संतोष कुमार साल्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

