कांटाफोड़ महादेव मंदिर में भस्म आरती में शामिल हुए विजयवर्गीय, सिलावट सहित सैकड़ों भक्त

धार्मिक मध्य प्रदेश

:: श्रावणी पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में तीन घंटे चला अनुष्ठान, मालवांचल में सुखद वर्षा की कामना ::
इंदौर । नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ महादेव मंदिर में चल रहे श्रावणी अनुष्ठान के तहत शुक्रवार को श्रावणी पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में भस्म आरती का आयोजन किया गया। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सैकड़ों शिवभक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्मशान घाट से लाई गई भस्म से भगवान शिव का पूजन किया। करीब तीन घंटे चले इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग और संयोजक बीके गोयल ने बताया कि जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। दोनों मंत्रियों ने मालवांचल में सुखद वर्षा और प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की। भक्त मंडल की ओर से संदीप गोयल, सुशील प्रजापति, हेमंत अग्रवाल, परमानंद वालेचा, वरुण मंगल सहित सैकड़ों भक्तों ने महाआरती में भाग लिया।
:: महाकाल की तर्ज पर होती है भस्म आरती ::
कांटाफोड़ महादेव मंदिर में भस्म आरती का आयोजन उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर प्रतिवर्ष श्रावणी पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में किया जाता है। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ की जीवंत झांकी के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने मंदिर परिसर स्थित विभिन्न देवालयों में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट ने श्रद्धालुओं को रक्षाबंधन और श्रावणी अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।