राखी से कहीं बढ़कर है भाई-बहन का रिश्ता 

मनोरंजन

इस रक्षाबंधन पर सन नियो के कलाकार सूरज प्रताप सिंह  आरती बिराजदार और नेहा सोलंकी ने अपने भाई-बहन के रिश्ते और उससे जुड़ी खास यादों के बारे में बात की। 

सूरज प्रताप सिंह ने कहा,

मेरी कोई बहन नहीं है हम परिवार में तीन भाई हैं। मैं सबसे छोटा था इसलिए रक्षाबंधन पर मेरी मां और मेरे दोनों भाई मुझे फिल्म दिखाने ले जाते थे। मेरे बड़े भाई ने हमेशा मेरी रक्षा की है और मेरा ख्याल रखा है। मुझे लगता है कि रक्षाबंधन का असली मतलब भी यही है। चाहे भाई-बहन का रिश्ता हो, दो भाइयों का हो या दो बहनों का, हर भाई-बहन अपने प्यार को अलग-अलग तरीके से जताता है। 

आरती बिराजदार ने कहा,मेरा कोई भाई नहीं है मेरी एक छोटी बहन है और हम रक्षाबंधन अपने खास तरीके से मनाते हैं। बचपन से हमने राखी बांधने की पारंपरिक रस्म शायद नहीं निभाई लेकिन हमें हमेशा पता था कि चाहे कुछ भी हो जाए हम एक-दूसरे के साथ रहेंगे। बड़ी बहन होने के नाते मैं जानती हूं कि मैं हमेशा उसकी रक्षा और उसका साथ दूंगी। उसे भी पता है कि उसकी दीदी हमेशा उसके साथ खड़ी रहेगी। 

नेहा सोलंकी ने कहा,मेरा एक छोटा भाई है जो मेरे माता-पिता के साथ उत्तराखंड में रहता है। इस साल मैं रक्षाबंधन मनाने उसके पास घर नहीं जा पाऊंगी। भाई-बहन के रिश्ते को मनाने वाले इस त्योहार पर घर से दूर रहना थोड़ा अधूरा सा लगता है। लेकिन मेरा मानना है कि दूरी हमारे प्यार और रिश्ते को कभी नहीं बदल सकती।