:: महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सान्निध्य में पूरा हुआ संकल्प, 21 विद्वानों के साथ रोज 500 श्रद्धालुओं ने किया जाप-सहस्रार्चन ::
इंदौर । श्रावण मास में विमानतल मार्ग स्थित श्रीश्री विद्याधाम “ह्रीं नमः शिवायै च नमः शिवाय” महामंत्र के जाप से गूंजता रहा। यहां पूरे सावन माह में एक करोड़ महामंत्र जाप का संकल्प पूरा कर आध्यात्मिक कीर्तिमान स्थापित किया गया। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सान्निध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में हुए अनुष्ठान में 21 विद्वानों के साथ प्रतिदिन औसतन 500 श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। रोज करीब पांच लाख जाप के साथ सहस्रार्चन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान सुबह से देर शाम तक चलते रहे।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना के लिए महामंत्र जाप का क्रम नियमित रूप से जारी रहा। श्रद्धालुओं ने विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिवाशिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया। आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी गिरिजानंद सरस्वती “भगवन” की प्रेरणा एवं परंपरा के अनुरूप 21 विद्वानों के मार्गदर्शन में यह अनुष्ठान संपन्न हुआ।
:: 21 विद्वानों के मार्गदर्शन में साधना ::
भक्त मंडल के विनोद सिंघल ने बताया कि प्रतिदिन 500 साधकों ने महामंत्र जाप एवं सहस्रार्चन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके साथ ही सुबह से देर शाम तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित होते रहे। सामूहिक जाप और पूजन से पूरे माह विद्याधाम परिसर शिवमय बना रहा।
:: अब जन्माष्टमी की तैयारी ::
श्रावण मास का अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद विद्याधाम में अब जन्माष्टमी महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

