रबी सीजन में किसानों को निर्बाध बिजली देने अभी से तैयारी

मध्य प्रदेश

:: प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने रोंसरा 220 केवी सबस्टेशन का किया निरीक्षण; एप्रोच रोड और पुल जल्द सुधारने के निर्देश ::
नरसिंहपुर/इंदौर । रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए बिजली कंपनियों को अभी से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नरसिंहपुर पहुंचे प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने रविवार को एमपी ट्रांसको के 220/132/33 केवी सबस्टेशन रोंसरा का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति, लोड प्रबंधन और वोल्टेज प्रोफाइल की समीक्षा की। उन्होंने संभावित रबी लोड का पूर्वानुमान तैयार कर उसके अनुरूप व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा।
सिंह ने सबस्टेशन के संचालन और रखरखाव की स्थिति भी देखी। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
:: एप्रोच रोड की दिक्कत, बड़े उपकरणों की आवाजाही पर चिंता ::
नरसिंहपुर बाईपास निर्माण के कारण सबस्टेशन के पहुंच मार्ग में आ रही दिक्कतों पर प्रमुख सचिव ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सामान्य वाहनों की आवाजाही में परेशानी है तो आकस्मिक स्थिति में बड़े पावर ट्रांसफार्मर और भारी उपकरणों को सबस्टेशन तक पहुंचाने में भी समस्या आ सकती है।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर समीपस्थ नाले पर बने पुल के पुनर्निर्माण की कार्रवाई करने और सबस्टेशन की एप्रोच रोड का शीघ्र सुधार कराने के निर्देश दिए।
:: ओपीजीडब्ल्यू नेटवर्क की समीक्षा ::
महत्वपूर्ण सबस्टेशन के निरीक्षण के दौरान सिंह ने एमपी ट्रांसको के ऑप्टिकल फाइबर ग्राउंड वायर (ओपीजीडब्ल्यू) नेटवर्क की उपलब्धता, लीजिंग कार्य और सेवा प्रदाताओं की जानकारी ली। उन्होंने नेटवर्क की अधिकतम उपलब्धता बनाए रखने के लिए सतत निगरानी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि सेवा प्रदाताओं और उपभोक्ताओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (टेस्टिंग) एमवाई मंसूरी, अधीक्षण अभियंता (टेस्टिंग) एनएस लोधी, कार्यपालन अभियंता (टेस्टिंग) नरसिंहपुर रमेश सिंह, राजेश चतुर्वेदी तथा मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता नीलाभ श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।