बढ़ती जीडीपी देशहित न चाहने वालों के गाल पर जोरदार तमाचा: गिरिराज सिंह

ताज़ा खबर देश-विदेश

नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देश की बढ़ती जीडीपी पर अपनी प्रतिक्रिया देकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके नेताओं को अर्थव्यवस्था का कोई ज्ञान नहीं है, और भारत की मौजूदा 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि उन लोगों के मुंह पर तमाचा है जो देश का भला नहीं चाहते। केंद्रीय मंत्री सिंह ने इस वृद्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल शासन को देकर कहा कि 2014 से लेकर कोविड महामारी और युद्ध जैसे वैश्विक संकटों के बावजूद जीडीपी को कभी गिरने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आज देश सर्वांगीण विकास की ओर बढ़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री सिंह ने दावा किया कि देश का घरेलू बाजार भी लगातार मजबूत हो रहा है, जिसका अनुभव लोग बड़े होटलों से लेकर आम जनजीवन तक में कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरी दुनिया भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और उसके नेतृत्व को स्वीकार कर रही है। केंद्रीय मंत्री सिंह ने गांवों में आए बदलाव का उदाहरण देकर कहा कि जहां पहले इक्का-दुक्का बाइक और फोर-व्हीलर दिखते थे, वहीं अब इनकी भरमार है। उन्होंने ऑटोमोबाइल सेक्टर का डेटा देकर कहा कि जहां पहले 20 हजार गाड़ियां बिकती थीं, वहीं अब यह आंकड़ा 2.5 से 3 लाख तक पहुंच गया है। यह दर्शाता है कि जब जीडीपी बढ़ता है, तब वास्तविक और समग्र विकास होता है, जिसे गांव से लेकर शहर तक हर कोई महसूस कर रहा है।