:: शक्कर नियंत्रण आदेश के बाद खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई; पालदा में नौ डीलरों के गोदाम भी जांचे, सभी सीमा के भीतर ::
इंदौर । शक्कर नियंत्रण आदेश-2026 के तहत खाद्य विभाग ने पालदा स्थित चॉकलेट निर्माण इकाई में निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक मिलने पर 375 क्विंटल शक्कर जब्त की है। विभाग ने प्रतिष्ठान के दस्तावेज और स्टॉक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने पैपे न्यूट्रिशन, 360/1 उद्योग नगर, पालदा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान इकाई में निर्धारित सीमा से अधिक शक्कर का भंडारण पाया गया। टीम ने मौके से 375 क्विंटल शक्कर जब्त की। प्रतिष्ठान के भागीदारों से संबंधित दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और उपलब्ध शक्कर के रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है।
इसी क्रम में विभागीय टीम ने पालदा क्षेत्र के शक्कर डीलरों के गोदामों में भी स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। आकाश एंटरप्राइजेज में 2820, प्रतीक ट्रेडर्स में 2885, राज ट्रेडर्स में 2378, अशोक इंटरप्राइजेज में 2600 और सार्थक इंटरप्राइजेज में 2578 क्विंटल शक्कर मिली। वहीं कशिश इंटरप्राइजेज में 1595, घनश्याम दास आनंदराम बहरारी ट्रेड्स में 1580, कृति ट्रेडिंग पालदा में 3813 और स्वस्तिक इंटरप्राइजेज में 1641 क्विंटल स्टॉक पाया गया।
विभाग के अनुसार सभी नौ डीलरों के यहां शक्कर का स्टॉक भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 4000 क्विंटल की सीमा के भीतर मिला। इनमें कृति ट्रेडिंग पालदा का स्टॉक 3813 क्विंटल रहा, जो निर्धारित सीमा के सबसे करीब है। किसी भी डीलर के यहां सीमा से अधिक स्टॉक नहीं मिलने पर जब्ती की कार्रवाई नहीं की गई।
खाद्य विभाग के अनुसार शक्कर नियंत्रण आदेश-2026 के तहत जिले में शक्कर के स्टॉक और भंडारण की सतत निगरानी की जा रही है। निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

