इन्दौर | क्राइम ब्रांच ने एक संदिग्ध म्यूल बैंक खाते की जांच कर उसके खाताधारक को गिरफ्तार किया है। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की। टीम की शुरुआती जांच में सामने आया कि इस खाते से करीब डेढ़ करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ है। जिसके बाद टीम ने बैंक रिकॉर्ड की जांच की तो खाते का संबंध इंदौर निवासी अभिषेक तिवारी, निवासी गणेश नगर रोड, हिमालय कॉलोनी पता चला जिसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार अलग-अलग राज्यों की पुलिस और एजेंसियों से एक बैंक खाते को लेकर जानकारी मिली थी। इसमें करीब डेढ़ करोड़ रुपए के लेनदेन की बात सामने आई थी। रकम के साइबर फ्रॉड से जुड़े होने की आशंका के बाद क्राइम ब्रांच ने बैंक रिकॉर्ड और लेनदेन की जानकारी जुटाई तथा खाते से देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों की कड़ियां मिली हैं। क्राइम ब्रांच टीम अब खाते में रकम कहां से आई, किन खातों में ट्रांसफर हुई और इसका इस्तेमाल किन साइबर अपराधों में किया गया, इसकी जांच कर रही है। वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अभिषेक तिवारी ने खाता स्वयं इस्तेमाल किया या किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया था।

