सुधाकर दलेला को भारत ने नेपाल का राजदूत किया नियुक्त, जल्द संभालेंगे जिम्मेदारी

ताज़ा खबर देश-विदेश

भारत ने सेक्रेटरी रैंक के सीनियर अफसर को तैनात कर अहम कूटनीतिक संदेश दिया
नई दिल्ली । विदेश मंत्रालय में सचिव पद पर तैनात वरिष्ठ राजनयिक सुधाकर दलेला को नेपाल में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने इस महत्वपूर्ण नियुक्ति का आधिकारिक ऐलान शुक्रवार शाम को किया। सुधाकर दलेला काठमांडू में वरिष्ठ राजनयिक नवीन श्रीवास्तव की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिन्होंने हाल ही में अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस नियुक्ति से ठीक एक दिन पहले नेपाल सरकार ने भी निश्चल नाथ पांडे को भारत में अपना नया राजदूत नियुक्त करने की मंजूरी दी थी।
यह कूटनीतिक फेरबदल ऐसे समय पर हुआ है जब दोनों देश नेपाली पीएम बालेन शाह के अगले महीने होने वाले पहले भारत दौरे की तैयारियों में जुटे हैं। भारत सरकार ने इस बार काठमांडू में एडिशनल सेक्रेटरी रैंक के बजाय सेक्रेटरी स्तर के सीनियर अफसर को तैनात करके एक अहम कूटनीतिक संदेश दिया है। भारत आमतौर पर काठमांडू में एडिशनल सेक्रेटरी रैंक के अधिकारियों को ही राजदूत बनाकर भेजता रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस पुरानी परंपरा में बदलाव करते हुए सेक्रेटरी रैंक के अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक सुधाकर दलेला जल्द काठमांडू पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे। वे दक्षिण एशियाई मामलों और कूटनीति के गहरे जानकार माने जाते हैं। साल 2022 से 2025 के बीच वे भूटान में भारत के राजदूत रहे हैं। पिछले साल सितंबर में उन्हें विदेश मंत्रालय में सचिव बनाया गया था, जहां उन्होंने ग्लोबल साउथ के देशों के साथ विकास साझेदारी संभाली है। वे ब्रिक्स, इबसा और आई2यू2 जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के शेरपा भी रहे हैं।
बता दें नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नवंबर के दूसरे पखवाड़े में भारत के आधिकारिक दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरे पर बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स, व्यापार, सीमा विवादों और नए हवाई रूटों पर अहम बातचीत की उम्मीद है। सुधाकर दलेला के पास इस क्षेत्र का लंबा और व्यापक प्रशासनिक अनुभव मौजूद है।