दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैवलर बस पुलिया से गिरी, 8 की मौत, कई घायल

ताज़ा खबर देश-विदेश

बस भोपाल से सवारियों को लेकर खाटूश्यामजी जा रही थी, बस चालक की भी मौत
कोटा । राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह मध्य प्रदेश से जयपुर जा रही एक ट्रैवलर बस सीमलिया थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे कराड़िया टोल प्लाजा पार करने के बाद सुल्तानपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर हुआ।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चला है कि वाहन तेल गति और चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। चालक वाहन को संभाल नहीं पाया, जिसके परिणामस्वरूप ट्रैवलर बस सीधे पुलिया से नीचे जा गिरी। गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटनास्थल पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते एक्सप्रेसवे पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नाले से बाहर निकालने के प्रयास किए गए और उन्हें एंबुलेंस के जरिए कोटा और एमबीएस में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सीमलिया थाना अधिकारी ने बताया कि अब तक 8 लोगों की मौत और करीब 15-16 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, राजू और बस का चालक शामिल हैं। यह बस मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सवारियों को लेकर खाटूश्यामजी जा रही थी और इसमें 25 से ज्यादा यात्री सवार थे। घायलों में वंदिता झरबड़े, अजय गावंडे, वेदांत झरबड़े, मोहनिस झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ और सारांश झरबड़े शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। प्रशासन कारणों की गहन जांच कर रहा है।