नई दिल्ली । बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद शुक्रवार शाम को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के मुताबिक 98 साल के आडवाणी को शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें पल्मोनरी विभाग में भर्ती किया गया है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ नेता का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। बता दें आडवाणी को इससे पहले इस साल मई में उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे कुछ दिनों तक अस्पताल में रहे और फिर उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। बीजेपी के इस दिग्गज नेता ने तीन बार 1986-1990, 1993-1998 और 2004-2005 पार्टी अध्यक्ष के रूप में काम किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक उप प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई। दिसंबर 2024 में आडवाणी को मेडिकल जांच और इलाज के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। वे न्यूरोलॉजिस्ट की देखरेख में रहे थे।

