-तेज प्रताप यादव ने मुलाकात का वीडियो किया शेयर, सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय
पटना । बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत और आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव की मुलाकात इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी है। हाल ही में पटना पहुंचीं मल्लिका ने तेज प्रताप से मुलाकात की जो देखते ही देखते परिवारिक रंग में रंग गई। इस दौरान न सिर्फ मल्लिका ने लालू परिवार के सदस्यों से आमने-सामने मुलाकात की, बल्कि वीडियो कॉल के जरिए भी अपनों से बात की। तेज प्रताप ने इस खास मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसके बाद से यह मामला इंटरनेट पर छा गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मल्लिका शेरावत शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने पटना पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) प्रमुख और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से हुई। तेज प्रताप ने बताया कि इससे पहले उनकी मुलाकात जियो के एक कार्यक्रम और भोजपुर बबाल शो में हुई थी। जब शेरावत को पता चला कि वह पटना में हैं, तो उन्होंने तेज प्रताप से मिलने की इच्छा जताई। मल्लिका की इस इच्छा का सम्मान करते हुए तेज प्रताप उन्हें अपने घर ले जाने के लिए तैयार हो गए।
तेज प्रताप यादव मल्लिका शेरावत को सीधे अपने पटना स्थित आवास पर ले गए। वहां पहुंचते ही मल्लिका की मुलाकात लालू प्रसाद यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य से हुई। इस दौरान तेज प्रताप भी वहीं मौजूद थे। परिवार के सदस्यों ने मल्लिका का गर्मजोशी से स्वागत किया। तेज प्रताप ने मल्लिका शेरावत की बातचीत परिवार के दूसरे सदस्यों से वीडियो कॉल के जरिए भी करवाई। इस दौरान सभी ने बहुत ही खुशनुमा माहौल में एक-दूसरे से बातें कीं।
इस मुलाकात के बाद तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया और अपने दिल की बात लिखी। उन्होंने लिखा कि आज का दिन उनके और उनके पूरे परिवार के लिए बेहद खास और यादगार रहा। तेज प्रताप ने मल्लिका शेरावत के सरल स्वभाव और अपनेपन की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि कुछ मुलाकातें सिर्फ मुलाकात नहीं होतीं, बल्कि जिंदगीभर के लिए खूबसूरत यादें बन जाती हैं।

