नई दिल्ली । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19-20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान के दुशांबे में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले है। मोदी सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य एससीओ सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को बेहतर करना है। विशेष रूप से व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क, नवाचार और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में गहन चर्चा होगी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारत एससीओ की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है और क्षेत्रीय सहयोग में लगातार योगदान दे रहा है। भारत विशेषकर स्टार्टअप और नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में पहल के माध्यम से सहयोग को बढ़ावा दे रहा है। बैठक में जारी सहयोग पहलों की प्रगति की समीक्षा होगी और संगठन के वित्तीय व संस्थागत कामकाज से जुड़े निर्णयों पर विचार होगा।

