-नेपाल जाकर भी नहीं पकड़ सकी पुलिस, अब श्रद्धा कर रही लौटने की तैयारी
लखनऊ । लखनऊ के चर्चित व्यापारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद श्रद्धा ने लखनऊ की अदालत में सरेंडर करने की अर्जी दाखिल की है। जानकारी के मुताबिक उसने दो दिन पहले ही यह अर्जी दी थी। बताया जा रहा है कि नेपाल छोड़कर यूपी लौटने के बाद अब श्रद्धा दुबे सरेंडर करने की तैयारी में है। इस मामले में श्रद्धा की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। नेपाल में उसके ठिकाने बदलने की जानकारी भी सामने आई थी। अब कोर्ट में सरेंडर अर्जी दाखिल किए जाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सरेंडर अर्जी दाखिल करने का मतलब यह नहीं है कि आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। अब देखना होगा कि श्रद्धा दुबे कब कोर्ट में पेश होती है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है। शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने सीएम योगी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। रंजना ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और अन्य की भूमिका की गहराई से जांच कराने की अपील की है।
रंजना शर्मा ने मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई कि जांच में लापरवाही या साक्ष्यों से छेड़छाड़ होने पर मामले की सच्चाई सामने आने में बाधा आ सकती है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में समयबद्ध जांच कराने और किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। इसके अलावा पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और जांच की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। रंजना का कहना है कि उनके बेटे की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

