महाष्टमी पर 1100 से अधिक कन्याओं का पूजन, हजारों ने ग्रहण की प्रसादी

इंदौर

नयनतारा स्पोर्ट्स एंड योगा वेलफेयर सोसायटी का नौवां आयोजन; महापूजन के साथ बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश ::
इंदौर । महाष्टमी पर नयनतारा स्पोर्ट्स एंड योगा वेलफेयर सोसायटी की ओर से बिचौली हप्सी के पास राघव कृपा फार्म हाउस में कन्यापूजन एवं महाभोज आयोजित किया गया। नौवें वर्ष हुए इस आयोजन में 1100 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया, जबकि हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। रविवार सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चले कार्यक्रम में कन्या पाद पूजन, हवन, महाआरती और छप्पन भोग सहित धार्मिक अनुष्ठान हुए।
आयोजन में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया और सामूहिक भोज में शामिल हुए।
:: धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकार ::
ग्राम उत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। आयोजक निशांत श्रीवास्तव और कमलेश्वर सिंह सिसोदिया ने आयोजन में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं और सहभागियों के प्रति आभार जताया। सोसायटी द्वारा नौ वर्षों से आयोजित इस कार्यक्रम में कन्यापूजन और महाभोज के माध्यम से सेवा एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है।