दलेर के समर्थन में आया बॉलीबुड, मंत्री की हो रही निंदा
मुंबई । लोकप्रिय पंजाबी रॉकस्टार दलेर मेहंदी के साथ उत्तराखंड में एक इवेंट के दौरान हुए सार्वजनिक अपमान पर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा मंच पर दलेर को डांटे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद, अनुपम खेर ने विदेश से अपना समर्थन व्यक्त करते हुए इसे ठेस पहुंचाने वाला बताया। यह विवाद तब शुरू हुआ जब मंत्री उनियाल ने दलेर की परफॉर्मेंस रोककर उन्हें सबके सामने फटकार लगाई। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया, जिसके बाद मीका सिंह, बादशाह, पलाश सेन, कपिल शर्मा, हर्षदीप कौर और अलीशा चिन्नई जैसे कई बॉलीवुड सितारों ने दलेर मेहंदी का खुलकर समर्थन किया। इन सभी ने एक सुर में कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं और लंबे समय से अस्वस्थ होने के कारण मंच पर अपनी पूरी क्षमता से परफॉर्म नहीं कर पा रहे थे।
अब अनुपम खेर ने भी एक वीडियो जारी कर अपने पुराने दोस्त दलेर मेहंदी के साथ हुए बर्ताव पर गहरा अफसोस जताया है। अनुपम खेर ने बताया कि वह फिलहाल विदेश में हैं, और जब उन्होंने यह वीडियो देखा तो उन्हें बेहद बुरा लगा और ठेस पहुंची। उन्होंने मंत्री से सवाल किया कि नाराजगी जाहिर करने के कई अन्य तरीके हो सकते थे, लेकिन किसी कलाकार को सबके सामने इस तरह अपमानित करना गलत था। अनुपम खेर ने अपने पोस्ट में साफ किया कि वह दलेर मेहंदी को 30-35 साल से जानते हैं और अपनी जानकारी के अनुसार उन्होंने कभी सिंगर को शराब पीते नहीं देखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं और उनके साथ हुए इस बर्ताव पर इंडस्ट्री को एक होकर आवाज़ उठानी चाहिए। अनुपम खेर ने कहा कि किसी कलाकार की परफॉर्मेंस पसंद न आने पर या शिकायत होने पर नाराजगी व्यक्त करना स्वाभाविक है, लेकिन किसी को भी मंच पर सबके सामने बेइज्जत करने के बजाय अकेले में सम्मान के साथ बात की जा सकती थी। उन्होंने सामने वाले की गरिमा का ख्याल रखने की अहमियत पर जोर दिया और दलेर के लिए व्यापक समर्थन की अपील की।

