नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों का साहस, अटूट समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देश की स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि यह दिवस पुलिस कर्मियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करने का अवसर है, जो अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देते हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर अपराधों से लड़ने, आपातकालीन स्थितियों में मदद करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक, उनका योगदान अमूल्य है।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पुलिस बलों के उन शहीदों को नमन किया, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने मातृभूमि की आन-बान और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर देशभक्ति का सर्वोत्तम उदाहरण पेश किया है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी वीर पुलिसकर्मियों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

