मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त

मध्य प्रदेश

चार जिलों में छापेमारी, गांजे के 2,083 हरे पौधे और 22 किलो गांजा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
भोपाल । मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो दिनों में धार, रतलाम, खरगोन और सीधी में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इन जिलों से गांजे के 2,083 हरे पौधे, जिनका कुल वजन 1,842.307 किलोग्राम है, और 22 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
धार में सबसे बड़ी कार्रवाई
धार जिले में टांडा, डही और धामनोद पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई कर कुल 1,121 पौधे जब्त किए। टांडा पुलिस ने ग्राम पुरा में कपास के खेत से 855 पौधे बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 90.07 लाख रुपये है। डही पुलिस ने ग्राम बोडगांव से 206 पौधे जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 61.11 लाख रुपये है। वहीं, धामनोद पुलिस ने ग्राम कच्छवानिया के गिनावापुर में तुअर के खेत से 60 पौधे बरामद किए। इनकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
रतलाम और खरगोन में अवैध खेती पकड़ी
रतलाम जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुंजा में पुलिस ने खेत से गांजे के 880 पौधे जब्त किए। इनका वजन 280.65 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 28.06 लाख रुपये है। खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बैडछा में कपास और मिर्च की फसल के बीच गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस ने यहां से 82 पौधे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।
सीधी में 22 किलो गांजा बरामद
सीधी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत ग्राम विजयपुर में दबिश देकर 22 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 2.20 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही गांजे के स्रोत और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।