भोपाल । बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक पर्व विजयादशमी के अवसर पर नागरिक कल्याण समिति, भोपाल द्वारा टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समिति के 67वें विजयादशमी समारोह में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में रावण दहन के साथ समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर एक्सप्रेस न्यूज समूह के प्रधान संपादक सनत जैन को भी उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में गुफा मंदिर, भोपाल के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 महंत रामप्रवेश दास जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने की। विशिष्ट अतिथियों में भोपाल के सांसद आलोक शर्मा, भोपाल दक्षिण-पश्चिम के विधायक भगवानदास सबनानी, श्रीमती विभा पटेल, शामिल रहे। विशेष अतिथि के रूप में रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे, भोपाल उत्सव मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल तथा भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल, जे.पी धनोतिया, रवि सक्सेना, अमित शर्मा, संजीव सक्सेना, सुनील जैनाविन, अभिनव जैन कासलीवाल, अनिल अग्रवाल लिली आनंद तारण उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों की मौजूदगी में रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही मैदान में उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया। आतिशबाजी और रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। दशहरा मैदान में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजन ने शहर की सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक उत्सव की भावना को जीवंत कर दिया।
-सनत जैन सहित समाजसेवियों का सम्मान
विजयादशमी समारोह का प्रमुख आकर्षण समाज और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान रहा। नागरिक कल्याण समिति ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। इसी क्रम में एक्सप्रेस न्यूज समूह के प्रधान संपादक सनत जैन को भी सम्मान प्रदान किया गया। उनके सम्मान को पत्रकारिता और समाज के प्रति सक्रिय योगदान की सराहना के रूप में देखा गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने सम्मानित व्यक्तियों के कार्यों की प्रशंसा की।
नागरिक कल्याण समिति पिछले कई वर्षों से विजयादशमी समारोह के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में सेवा, सद्भाव और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करती रही है। समिति का 67वां आयोजन इसी परंपरा की निरंतरता का प्रतीक रहा।
-समिति के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नागरिक कल्याण समिति, भोपाल के अध्यक्ष जीएन व्यास, सचिव मनीष ब्यौहार, उपाध्यक्ष डॉ. मंजुलता शुक्ल, स्वागत अध्यक्ष वात्सायन जैन ‘सोन भाभा’ और कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश खुराना सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। वरिष्ठ सदस्यों में अशोक शर्मा (1250), अजय श्रीवास्तव ‘नीलू’, कमल जैन ‘श्वेता’, सुनील भायरे, अजय अग्रवाल ‘अज्जू’, ओपी सोनी और नितीष ब्यौहार सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। रावण दहन और सम्मान समारोह के माध्यम से नागरिक कल्याण समिति ने विजयादशमी के मूल संदेश को रेखांकित किया कि समाज में सत्य, सदाचार, सेवा और सद्भाव की स्थापना ही इस पर्व की वास्तविक भावना है।

