उन्हें हार्ट अटैक आ जाता तो… दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़कीं इला अरुण

देश-विदेश मनोरंजन

-इवेंट ऑर्गनाइजर्स और नेताओं को लगाई फटकार
नई दिल्ली । उत्तराखंड में एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। भाई मीका सिंह के बाद अब जानी-मानी वेटरन फोक सिंगर और एक्ट्रेस इला अरुण का गुस्सा भी फूटा है। उन्होंने इस पूरी घटना को बेहद अपमानजनक बताते हुए इवेंट ऑर्गनाइजर्स और वहां मौजूद नेताओं की कार्यशैली पर कड़ा सवाल उठाया है।
यहां बताते चलें कि कुछ दिन पहले ही उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक गाते हुए रोक दिया गया। उस दौरान वहां मौजूद मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर पर नवरात्रि के समय शराब पीकर परफॉर्म करने का गंभीर आरोप लगाया था। इस घटना के बाद से ही संगीत जगत और दलेर मेहंदी के प्रशंसकों में भारी रोष है।
इला अरुण ने की कड़ी निंदा
एक बातचीत के दौरान इला अरुण ने कहा कि दलेर मेहंदी उनके भाई जैसे हैं और सूफी तथा पंजाबी संगीत को लोकप्रिय बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा- अगर ऑर्गनाइजर्स या स्पॉन्सर्स को उनकी परफॉर्मेंस या तबीयत को लेकर कोई शिकायत थी, तो वे इसे निजी तौर पर सुलझा सकते थे। वे उनके सेक्रेटरी को बुलाकर बात कर सकते थे। इस तरह स्टेज पर सबके सामने कलाकार के साथ बदसलूकी करना बिल्कुल सही नहीं है।
ऐसे में यदि उन्हें हार्ट अटैक आ जाता, तो…
कलाकारों की संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए इला अरुण ने कहा कि इस घटना से दलेर मेहंदी को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, दलेर भाई के लाखों फैंस हैं। वे इतने बड़े दिग्गज कलाकार हैं, अगर स्टेज पर हुए इस बर्ताव से उन्हें हार्ट अटैक आ जाता, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता? उन्होंने कहा कि नेताओं और आयोजकों की जिम्मेदारी होती है कि वे ऐसी परिस्थितियों को परिपक्वता से संभालें, न कि सार्वजनिक रूप से किसी का अपमान करें।
इला अरुण ने दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए उन्हें सांत्वना दी और कहा कि वे ऐसे मामलों को दिल पर न लगाएं, क्योंकि पूरा संगीत जगत उनके साथ मजबूती से खड़ा है।