वायुसेना के शौर्य प्रदर्शन में भी हुए शामिल
वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी (काशी) पहुंचे। उन्होंने यहां मिर्जामुराद के खोचवां स्थित अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन किया और इसके बाद भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित विंग्स ओवर गंगा नामक भव्य एयर शो के साक्षी बने। सुबह 10:10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री सीधे मिर्जामुराद के खोचवां स्थित अरविंद मिल पहुंचे। यहां उन्होंने मिल की नई यूनिट का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने मिल का भ्रमण किया और कार्यरत 40 महिला कर्मियों से संवाद भी किया, उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने महिला कर्मियों से बातचीत कर उनके काम और मिल के संचालन के बारे में जानकारी ली। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचे और फिर नमो घाट से वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित विंग्स ओवर गंगा एयर शो को देखा। इस आयोजन को देखने के लिए सुबह से ही गंगा घाटों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। सुबह नौ बजे से ही लोग अपने स्थान लेने लगे थे और दस बजे से ही सभी की नजरें आसमान पर होने वाले विमानों के करतब पर टिकी हुई थीं। प्रधानमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। गंगा के ऊपर हुए इस शानदार एयर शो में राफेल, तेजस, सुखोई लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर, सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विमानों और हेलिकॉप्टरों ने विभिन्न प्रकार के फॉर्मेशन और कलाबाजियां दिखाकर वायुसेना की शक्ति और कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शकों में भारी उत्साह देखा गया।

