हंगामा ओटीटी की नई श्रृंखला ‘स्नो ब्राइड’ २२ अक्टूबर को रिलीज हुई। हिमालय के एक सुदूर गांव की पृष्ठभूमि पर बनी यह रहस्य और अपराध से भरपूर कहानी यति की एक डरावनी लोककथा और गांव की युवतियों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने की घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। छह कड़ियों वाली इस श्रृंखला में भूमिका गुरंग, शिवम भार्गव, मनुल चुडासमा और इंद्रजीत मोदी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। श्रृंखला में भूमिका पूर्वा का किरदार निभा रही हैं, जो गांव में वर्षों से चली आ रही मान्यताओं पर सवाल उठाने का साहस करती है और सच की तलाश में एक खतरनाक रहस्य के करीब पहुंचती है।कहानी में गांव की लापता महिलाओं को ‘यति की दुल्हनें’ कहा जाता है। डर और अंधविश्वास के कारण गांव के लोग इन घटनाओं को अपनी नियति मानकर स्वीकार कर चुके हैं, लेकिन पूर्वा इस सच्चाई को बिना सवाल किए मानने के लिए तैयार नहीं है। जैसे-जैसे वह इस रहस्य को समझने की कोशिश करती है, उसके सामने कई ऐसे सवाल आते हैं, जो उसकी और गांव वालों की सोच को चुनौती देते हैं।

