प्रगति 50’ के तहत भोपाल के लिए लक्ष्य तय कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश

मध्य प्रदेश

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सत्येन्द्र सिंह ने की समीक्षा, निगम आयुक्त वीसी से जुड़े
भोपाल । स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत चयनित 50 शहरों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। इस पहल में शामिल भोपाल के लिए भी निर्धारित लक्ष्य तय कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। इसमें भोपाल नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार और अपर आयुक्त अमन मिश्रा शामिल हुए। सचिव ने ‘प्रगति 50’ में शामिल नगरीय निकायों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार कर उस पर अमल करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता के प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण और संग्रहण, कचरे का प्रसंस्करण, शहर की साफ-सफाई, पुराने कचरे का निपटान, स्वच्छता एवं उपयोग किए गए जल का प्रबंधन शामिल है। इसके अलावा सफाई मित्रों की सुरक्षा और शिकायतों के प्रभावी निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।