स्वदेशी मेले में बोले राजेन्द्र शुक्ला- देश का पैसा देश में लगेगा, तभी अर्थव्यवस्था होगी मजबूत
भोपाल । उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना जरूरी है। विदेशी उत्पादों के उपयोग से दूसरे देशों की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, जबकि स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने से देश का पैसा देश में ही रहेगा और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वे शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय परिसर में आयोजित स्वदेशी मेले को संबोधित कर रहे थे। स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह मेला 4 नवंबर तक चलेगा।
शुक्ला ने कहा कि स्वदेशी के विचार को जन-जन तक पहुंचाना होगा। रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से जमीन की उर्वरक क्षमता प्रभावित होती है। गोबर से तैयार जैविक खाद डीएपी और यूरिया का स्वदेशी विकल्प बन सकती है। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभा की कमी नहीं है और स्थानीय उत्पादों को अपनाकर उद्यमियों को प्रोत्साहन दिया जा सकता है।
भाजपा की पूर्व विधायक सविता दीवान ने कहा कि स्वदेशी मेला सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का मंच है। महात्मा गांधी ने आजादी के आंदोलन के दौरान विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार के माध्यम से स्वदेशी का संदेश दिया था। ऐसे आयोजन लघु उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करते हैं।
मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तु नहीं, बल्कि जीवन का भाव है। स्वभाषा, स्वभोजन और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के साथ गांवों और किसानों की अर्थव्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।
मध्य भारत प्रांत के प्रांत कार्यवाहक हेमंत सेठिया ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए मानसिक गुलामी से मुक्त होकर स्वावलंबन की दिशा में बढ़ना होगा। देश को अपनी क्षमता और परंपराओं के आधार पर विकास का रास्ता तैयार करना चाहिए।
भारतीय परिधान प्रतियोगिता में सोनम सिंह प्रथम
मेले के सातवें दिन भारतीय परिधान प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें सोनम सिंह ने पहला, आस्था अग्रवाल ने दूसरा और कनिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक संध्या में गरबा, एकल गायन और विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां हुईं। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मेला संयोजक सतीश विश्वकर्मा, सुधीर दाते, श्रीकांत भदौलिया, सीमा भारद्वाज, दीपक वर्मा और रमन तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

