आठ वर्षीय अलगावी योजना

व्यंग

अब शादी के कार्ड पर सिर्फ तारीख, समय और जगह ही नहीं लिखी होगी। सबसे आखिर में लिखा होगा, अनिवार्य सूचना : साथ रहने की सरकारी अवधि आठ वर्ष।

आठ साल पूरे होते ही शादी की अवधि स्वतः समाप्त और शुरू हो जाएगी अलगावी योजना। इसके लिए सबसे पहले जरूरी है, कानून बनाओ!

मानव जाति चलती रहे, इसलिए शादी जरूरी है। लेकिन थोड़े सालों में शादी का भूत उतर जाता है और अलग होने की इच्छा सबकी होती है, पर बच्चे, रिश्तेदार और समाज का डर रोक रखता है। कानून बन गया तो अलग होने के लिए कोई वजह नहीं चाहिए, बस आठ साल का इंतजार, उसके बाद जियो और जीने दो!

और अगर आठ साल बाद भी साथ रहना हो तो सरकार से अनुमति लेनी पड़े। ऐसी लंबी चौड़ी कानूनी प्रक्रिया, इतने कागज, इतनी फीस और इतने नियम हों कि आदमी सोचे, इससे तो अलगावी ही ठीक है!

देखो, शादी वैसे भी फुल टाइम मैनेजमेंट प्रोजेक्ट है। दो लोग और पसंद दो सौ! किसी को ठंड लगती है, किसी को गर्मी; किसी को सीरियल चाहिए, किसी को क्रिकेट। एक को नींद, दूसरे को मोबाइल; एक के खर्राटे, दूसरे की नींद हराम!

फिर अलग घर, अलग टीवी, अलग सामान। सब अपनी-अपनी मर्जी के मालिक, देश में शांति!

शादी के बाद घर में 24 घंटे का कस्टमर केयर सेंटर खुल जाता है। सबकी छोटी-मोटी जरूरतों का ध्यान रखो। ऊपर से हिसाब अलग लगाते हैं, ‘मैंने तुम्हारे लिए इतना किया, तुमने मेरे लिए क्या किया?’ शादी है या सालाना ऑडिट?

अलगावी के बाद न किसी का हिसाब, न किसी की जवाबदेही। अपना कमाओ, अपना खाओ, अपने घर का काम निपटाओ और मजे से रहो!

जब बार-बार सुनना है कि “तुम्हारे में अक्ल नहीं है”, तो फिर ऐसे बिना अक्ल वाले के साथ क्यों जीना?

आठ साल में अलग होना ही है, तो पति-पत्नी झगड़ेंगे भी कम!

सास, बहू, ननद, भौजाई, देवरानी, जेठानी और बाकी रिश्तेदार भी सोचेंगे, आठ साल की ही तो बात है, इसके लिए जीवनभर के रिश्ते क्यों खराब करें!

यह कारनामा भी हमारा ही है। पहले समाज बनाया, फिर शादी बनाई और फिर जीवनभर साथ रहने की पत्थर की लकीर खींच दी। भगवान ने तो ऐसा कोई नियम नहीं बनाया था। दूसरे जीवों को देखिए, कितनी मस्ती से अपनी जिंदगी जी रहे हैं!

बच्चों को भी दो घर मिल जाएँगे। दो बच्चे पैदा करो, एक माँ के पास, एक बाप के पास। पति-पत्नी एक-दूसरे के घर मेहमान बनकर जा सकते हैं, बस वीजा जैसी अनुमति लेनी पड़ेगी!

बुढ़ापे का क्या? लोग कहते हैं कि बुढ़ापे में एक-दूसरे की जरूरत पड़ेगी। उसकी भी चिंता सरकार करे। कानून के साथ बुढ़ापे की सरकारी व्यवस्था भी होनी चाहिए। आखिर अलगावी योजना है तो पूरी योजना हो!

और जिनकी शादी को आठ साल से ऊपर हो चुके हैं, उन्हें हर अतिरिक्त साल का देरी भत्ता भी मिलना चाहिए!

देखना, छोटी-मोटी पार्टियाँ नहीं, शादी से भी बड़े-बड़े अलगावी रिसेप्शन होंगे। फिर लोग तुलना करेंगे, “अरे, उसने तो क्या शानदार अलगावी रिसेप्शन दिया!”

एक निमंत्रण, एक मेहमान, देश का बजट बचेगा!

बस कानून बनाओ, दिन गिनो और अलगावी के जश्न की तैयारी करो!

(वैसे, आठ साल ही क्यों??? सोचो-सोचो!)

सादर धन्यवाद।

नीपा नयन