(उज्जैन) मल्हार मार्तण्ड मंदिर में घट स्थापना, सुंदरकांड से शुरू हुआ चंपाषष्ठी उत्सव

मध्य प्रदेश

– मराठा समाज के पदाधिकारियों ने किया पूजन
उज्जैन ( ईएमएस)। क्षत्रिय मराठा समाज के आठ दिनी चंपाषष्ठी महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को गुदरी चौराहा के समीप महाकाल घाटी स्थित श्री मल्हार मार्तण्ड मंदिर में घट स्थापना एवं धर्मशाला परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।
क्षत्रिय मराठा समाज के अध्यक्ष यशवंत राव चव्हाण ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 8 बजे मुहूर्त में मंत्रोच्चार के साथ बाबा श्री मल्हार मार्तण्ड के आंगन में घट स्थापना की गई। समाज की ओर से सचिव अनिल गावड़े ने सपत्निक बैठकर पूजा की। इस अवसर पर संयोजक अशोक थोरात, उपाध्यक्ष रेखा कदम, सदस्य अनिता शिंदे, चंद्रकांता शिंदे आदि समाजजन भी मौजूद थे। समाज के पुरोहित पं. विजय त्रिवेदी ने विधि-विधान से घट स्थापना का पूजन संपन्न कराया। इसके पश्चात शाम को 7 बजे से मंदिर के पास ही स्थित श्री क्षत्रिय मराठा समाज की धर्मशाला परिसर में शहर की मंडली द्वारा सुंदरकांड का पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। दीप प्रज्जवलन एवं हनुमान जी के पूजन के साथ सुंदरकांड पाठ आरंभ हुआ। इसके पश्चात मंडली के सदस्यों ने हनुमान जी, राम जी, कृष्ण व देवी के कई धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देकर समाजजनों को मंत्र मुग्ध किया। बड़ी संख्या में उपस्थित समाज के महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने सुंदरकांड में भजनों पर नृत्य भी किया। रात तक चले कार्यक्रम में समाजजनों ने इसका आनंद लिया।
आज शिवाजी प्रेरक प्रसंग, लघुकथा का आयोजन
चंपाषष्ठी महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को शिवाजी प्रेरक प्रसंग एवं लघु कथा का आयोजन शाम 5 बजे से किया जाएगा। यह आयोजन बच्चों के लिए रखा गया है। इसकी समय सीमा 2 से 3 मीनट रहेगी। आयोजन के प्रभारी आशा गुंजाल और अंजु गुंजाल रहेगी। इसके पश्चात शाम 6 बजे से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी होगी जिसमें ग्रुप ए में 1 वर्ष से 5 वर्ष तक एवं ग्रुप बी में 6 से 12 वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। इसके प्रभारी अलका खोकले व सीमा भौंसले रहेंगी। उत्सव 15 दिसंबर तक चलेगा। 16 दिसंबर को भंडारे के साथ समापन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *