इन्दौर | गांधी नगर स्थित नैनोद मल्टी में आयोजित एक भव्य समारोह में बुद्ध विहार के उद्घाटन के साथ भगवान बुद्ध एवं बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण कर मैत्रीभोज आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंचशील धम्म ध्वज को प्रणाम कर हुई इसके बाद धम्म रैली निकाली गई। महिला-पुरुषों ने रैली का फूल बरसाकर स्वागत किया। डा. बाबा साहेब आंबेडकर मेमोरियल सोसायटी (भीम जन्मभूमि स्मारक महू) के अध्यक्ष भंते प्रज्ञाशील, धम्मशील महाथेरो एवं मातोश्री रमाबाई महिला मंडल की महिला कार्यकर्ताओं ने फीता काटकर बुद्ध विहार का उद्घाटन किया। स्थानीय अनुयायियों और जनसहयोग से निर्मित इस बुद्ध विहार का नामकरण संघमित्रा बुद्ध विहार रखा गया। यही पर भगवान बुद्ध की अष्टधातु की मूर्ति भी स्थापित की गई है जिसका भी अनावरण किया गया।