:: अष्टधातु हनुमान प्रतिमा का हुआ विशेष श्रृंगार; दिनभर चला खिचड़ी प्रसादी का अखंड वितरण ::
इंदौर । विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल पितृ पर्वत पर अंग्रेजी नववर्ष के पहले दिन श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। अष्टधातु से निर्मित विशाल हनुमान प्रतिमा के दर्शन हेतु सुबह से देर रात तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ का आलम यह था कि मंदिर के गर्भगृह से लेकर मुख्य प्रतिमा तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिन्हें संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
व्यवस्थापक महेश दलोदरा एवं राजेश जोशी ने बताया कि नववर्ष के उपलक्ष्य में हनुमान जी की मुख्य प्रतिमा और गर्भगृह का मनमोहक विशेष श्रृंगार किया गया, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। पर्वत के ऊपर दर्शनार्थियों की जितनी भीड़ थी, उससे कहीं अधिक लोग नीचे अपनी बारी की प्रतीक्षा करते देखे गए।
भक्तों की भारी तादाद को देखते हुए समिति द्वारा तत्काल खिचड़ी प्रसादी की व्यवस्था की गई। दिनभर चले इस सेवा कार्य में करीब एक लाख लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। पितृ पर्वत की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भक्तों ने नए साल की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ और जयकारों के साथ की।

