स्टेट प्रेस क्लब के रूबरू में पहुंचे फिल्म कलाकार; बोले- आपसी झगड़ों में खून जाया करने से बेहतर है किसी की मदद करना ::
इंदौर । सांप्रदायिकता और आपसी वैमनस्य के दौर में मानवता और सामाजिक एकजुटता का संदेश देती फिल्म ‘मिसाल’ जल्द ही बड़े परदे पर नजर आएगी। हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे उज्जैन के एक बच्चे की वास्तविक जीवन यात्रा पर आधारित यह फिल्म समाज में एकता और सहानुभूति के मूल्यों को स्थापित करने की एक सशक्त कोशिश है।
स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा आयोजित रूबरू कार्यक्रम में फिल्म के मुख्य कलाकार हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान, ऐश्वर्या राज भाकुनी और बाल कलाकार अद्विक सिंह राणा ने शिरकत की। भोपाल में फिल्माई गई यह फिल्म एक हिंदू बच्चे ओम की कहानी है, जिसकी परवरिश एक मुस्लिम परिवार करता है। बीमारी के दौरान जब उसे रक्त की आवश्यकता पड़ती है, तब पूरा समाज धर्म की दीवारों को तोड़कर उसके साथ खड़ा हो जाता है।
:: टीवी छोटा पर्दा जरूर, पर इसकी पहुंच सबसे बड़ी : गौरी प्रधान ::
फिल्म में मुस्लिम दंपति की भूमिका निभा रहे वास्तविक जीवन के स्टार कपल हितेन तेजवानी और गौरी प्रधान ने अपने अनुभव साझा किए। हितेन ने कहा, यह फिल्म संदेश देती है कि क्यों हम आपस में लड़कर खून बहाएं, जबकि एक-दूसरे की जान बचाकर हम अधिक मजबूत बन सकते हैं। वहीं गौरी प्रधान ने टेलीविजन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि टीवी घर-घर पहुंचता है, इसलिए इसे छोटा पर्दा कहना गलत है; यह वास्तव में सबसे बड़ा माध्यम है।
:: एमपी की फिल्म फ्रेंडली नीतियों की सराहना ::
अभिनेता हितेन तेजवानी ने मध्य प्रदेश सरकार की फिल्म नीतियों की तारीफ करते हुए कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम के कारण यहाँ शूटिंग करना बेहद आसान है। उन्होंने भोपाल, इंदौर और उज्जैन में मिलने वाले अपनत्व को कलाकारों के लिए सबसे बड़ी पूंजी बताया। फिल्म के जून 2026 में रिलीज होने की संभावना है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल सहित रचना जौहरी, सोनाली यादव, शीतल राय व अन्य सदस्यों ने कलाकारों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। पंकज क्षीरसागर, सुदेश गुप्ता व संजय मेहता ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम का सफल संचालन यशवर्धन सिंह ने किया। इंदौर प्रवास के दौरान कलाकारों ने बाबा महाकाल और खजराना गणेश के दर्शन भी किए।

