इन्दौर | जीएसटी आयुक्त अनय द्विवेदी से अहिल्या चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर व्यापारिक हितों और विभागीय जटिलताओं पर विस्तार से चर्चा की । चर्चा में इस बात पर सहमति बनी कि अब व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए विभाग हर माह एक विशेष सुनवाई बैठक आयोजित करेगा। अहिल्या चैंबर्स के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चर्चा के दौरान जीएसटी आयुक्त को स्पष्ट करते बताया कि जमीनी स्तर पर व्यवसायियों को कई व्यावहारिक और तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विभाग और करदाताओं के बीच सतत समन्वय, सहज संवाद और सहयोगात्मक वातावरण होना अनिवार्य है। आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि विभाग पूरी तरह सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करेगा और नियमित संवाद के माध्यम से जटिल प्रक्रियाओं को सुगम बनाया जाएगा। इस दौरान जीएसटी विशेषज्ञ अश्विन लखोटिया और एके गौर ने तकनीकी पक्षों को रखा, जबकि संगठन के बोर्ड पदाधिकारियों सहित प्रमुख व्यवसायी गोपाल अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, अक्षय जैन, प्रेम माहेश्वरी, नरेंद्र बाफना, इशाक चौधरी, राजेश बाहेती, मनीष निगम और परमानंद वालेचा ने विभिन्न व्यापारिक संगठनों की समस्याओं से अवगत कराया। अहिल्या चैंबर्स के संयुक्त सचिव अक्षय जैन ने बताया यह नियमित मासिक बैठक इंदौर के व्यापारिक जगत के लिए एक प्रभावी मंच साबित होगी, जिससे भविष्य में नीतिगत और व्यावहारिक बाधाओं को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी। व्यापारिक सुगमता और सरकारी तंत्र के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में इसे एक बड़ी पहल माना जा रहा है।

