ब्रासीलिया । ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य अलागोआस से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक करीब 60 यात्री सवार थे, जो एक धार्मिक यात्रा संपन्न कर वापस लौट रहे थे।
यह हादसा अलागोआस के एक ग्रामीण इलाके में उस वक्त हुआ जब बस एक तीखे मोड़ से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार, मोड़ पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद तेज रफ्तार बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पलटने के प्रभाव से कई यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे, जबकि अन्य लोग बस के मलबे के नीचे दब गए।
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने जानकारी दी है कि बस में सवार सभी लोग आवर लेडी ऑफ कैंडेलरिया नामक प्रसिद्ध धार्मिक उत्सव में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। यह त्योहार ब्राजील के सेआरा राज्य में हर साल 2 फरवरी को मनाया जाता है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। खुशियों भरा यह सफर घर पहुँचने से पहले ही मातम में बदल गया। बचाव अभियान के बारे में बताते हुए विमानन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि घटनास्थल पर स्थिति अत्यंत भयावह थी। बचाव दल को मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में घायल हुए दर्जनों यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में एक बच्चे की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

