इंदौर स्वच्छता का महागुरु, यहाँ का मॉडल पूरे देश के लिए अनुकरणीय : मनसुख मांडविया

मध्य प्रदेश

:: केंद्रीय मंत्री और महापौर ने किया स्वच्छता गीत 2025-26 का विमोचन, वार्डों के लिए शुरू हुई रैंकिंग ::
इंदौर । स्वच्छता के सात आसमान फतह करने के बाद अब आठ बार के सिरमौर इंदौर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए अपनी हुंकार भर दी है। मंगलवार को रवींद्र नाट्यगृह में आयोजित एक गरिमामय समारोह में केंद्रीय श्रम, रोजगार एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया ने इंदौर को स्वच्छता का महागुरु बताते हुए यहाँ के नागरिकों और सफाई मित्रों के जज्बे को सलाम किया। केंद्रीय मंत्री ने महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव की उपस्थिति में इंदौर का नया स्वच्छता गीत “बढ़ाएं हाथ–करें सफाई साथ” और स्वच्छ वार्ड रैंकिंग प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया।
:: जनआंदोलन ही इंदौर की असली ताकत : केंद्रीय मंत्री
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मनसुख मांडविया ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस स्वच्छ भारत मिशन की नींव रखी थी, उसे इंदौर ने एक पवित्र जनआंदोलन में तब्दील कर दिया है। इंदौर आज केवल एक शहर नहीं, बल्कि स्वच्छता की एक यूनिवर्सिटी बन चुका है, जहाँ से देश के अन्य शहर सफाई का पाठ सीख रहे हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि इंदौर की यह सफलता केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि यहाँ के उन लाखों जागरूक नागरिकों और जांबाज सफाई मित्रों की है, जो शहर को अपना घर समझते हैं। मंत्री ने विश्वास जताया कि इंदौर अपनी इस कार्यशैली से 9वीं बार भी इतिहास रचेगा।
:: स्वच्छ वार्ड रैंकिंग से बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा : महापौर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कार्यक्रम में इंदौर की भावी रणनीति साझा करते हुए कहा कि स्वच्छ वार्ड रैंकिंग के माध्यम से अब शहर के सभी वार्डों के बीच आंतरिक प्रतिस्पर्धा होगी। इससे सफाई व्यवस्था की सूक्ष्म स्तर पर मॉनिटरिंग हो सकेगी। महापौर ने कहा कि इंदौर अब स्वच्छता के साथ-साथ ग्रीन इंदौर और वेस्ट टू वेल्थ के विजन पर काम कर रहा है। इस अवसर पर स्वच्छ सर्वेक्षण की नवीन टूलकिट का प्रेजेंटेशन भी दिया गया, जिसमें आगामी सर्वेक्षण के कड़े मानकों और डिजिटल फीडबैक की प्रक्रिया को समझाया गया।
:: सफाई मित्रों का सम्मान और शपथ ::
समारोह में उन स्वच्छता चैंपियंस और सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने अथक परिश्रम से इंदौर को शीर्ष पर बनाए रखा है। केंद्रीय मंत्री और अतिथियों ने इन कर्मवीरों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विधायक रमेश मेंदोला, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, महापौर परिषद के सदस्य और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने इंदौर को पुन: नंबर-वन बनाने और पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ ली।