:: महिलाओं और बुजुर्गों से किया सीधा संवाद; धोखाधड़ी और पारिवारिक विवाद के मामलों पर सख्त रुख ::
इंदौर । मध्य प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने आवेदकों की शिकायतों को व्यक्तिगत रूप से सुना और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर वैधानिक कार्यवाही करने के कड़े दिशा-निर्देश दिए।
:: धोखाधड़ी और घरेलू विवाद के सर्वाधिक मामले ::
जनसुनवाई के दौरान आज कुल 77 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रमुख रूप से पारिवारिक व घरेलू विवाद, पैसों का लेन-देन, फाइनेंशियल फ्रॉड (वित्तीय धोखाधड़ी), प्लॉट व जमीन संबंधी धोखाधड़ी और महिला अपराधों से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। कुछ आवेदकों ने निचली स्तर पर सुनवाई न होने की शिकायत भी दर्ज कराई, जिस पर पुलिस आयुक्त ने संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
:: बुजुर्गों और महिलाओं को दी प्राथमिकता ::
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने जनसुनवाई में पहुंचे बुजुर्गों और महिलाओं से संवेदनशीलता के साथ संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंदौर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और उनके हितों के संरक्षण के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आवेदकों की समस्याओं का केवल निराकरण न करें, बल्कि यह भी सुनिश्चित करें कि की गई कार्यवाही से पीड़ित संतुष्ट है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) अमित सिंह सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थित रहकर आवेदकों की शिकायतों को विस्तार से सुना और नियमानुसार कार्यवाही प्रारंभ की। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों और धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं।

