एआई सम्मिट में एनविडिया चिप निर्माता कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग नहीं होंगे शामिल

अंतरराष्ट्रीय ताज़ा खबर देश

नई दिल्ली। भारत में बहुप्रतीक्षित एआई इंपेक्ट सम्मिट की शुरुआत नई दिल्ली में होने जा रही है। पांच दिवसीय इस वैश्विक सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र से जुड़े कई दिग्गज नेता और टेक कंपनियों के प्रमुख हिस्सा लेंगे। हालांकि, समिट से ठीक पहले एक बड़ी खबर सामने आई है, वह यह कि अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनविडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग इस सम्मिट में शामिल नहीं होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एनवीडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण जेन्सेन हुआंग भारत की यात्रा नहीं कर पाएंगे। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें बुधवार को नई दिल्ली में एक विशेष मीडिया इवेंट में भाग लेना था और सम्मिट के प्रमुख वक्ताओं में शामिल होना था। उनकी अनुपस्थिति को टेक जगत में एक झटके के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि एनवीडिया एआई चिपसेट निर्माण में वैश्विक अग्रणी कंपनी मानी जाती है और उसके उत्पाद डेटा सेंटर से लेकर उन्नत डिवाइसों तक में उपयोग किए जाते हैं।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि वह भारत के तेजी से विकसित हो रहे एआई इकोसिस्टम और एआई इम्पेक्ट सम्मिट के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जेन्सेन हुआंग की गैरमौजूदगी के बावजूद एनवीडिया की एक उच्चस्तरीय टीम समिट में भाग लेगी। कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट जे प्यूरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।
सम्मिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। आयोजन की थीम “पिपुल्स, प्लानेट और प्रोग्रेस” (मानव, पृथ्वी और प्रगति) रखी गई है, जो एआई के जिम्मेदार और समावेशी उपयोग पर भारत के दृष्टिकोण को दर्शाती है। इस वैश्विक मंच पर कई बड़ी एआई कंपनियों के प्रमुख भी शिरकत करेंगे।