इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर प्रवास के दौरान स्टेट प्रेस क्लब, मध्य प्रदेश द्वारा एक गरिमामयी भेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्लब के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को महात्मा गांधी के आदर्शों पर केंद्रित नववर्ष डायरी और भगवान श्री महाकालेश्वर पर आधारित कैलेंडर व प्लानर भेंट किया। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब की इस रचनात्मक पहल की सराहना की।
प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की आगामी गतिविधियों और पत्रकारों के कल्याण हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने डायरी और कैलेंडर की विषय-वस्तु की प्रशंसा करते हुए इसे संग्रहणीय बताया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला और सुमित मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत की प्रमुख हस्तियों ने भी सहभागिता की, जिनमें वरिष्ठ पत्रकार मनोहर लिम्बोदिया, सुदेश तिवारी, कमल कस्तूरी और सोनाली यादव शामिल थे।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान इंदौर के मीडिया परिदृश्य और प्रेस क्लब द्वारा आयोजित किए जाने वाले वार्षिक आयोजनों पर भी प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित पत्रकारों को नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए सकारात्मक पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया।

