भीषण सड़क हादसा – खड़े ट्रक में घुसा केले से भरा तेज रफ्तार आयशर ट्रक

इंदौर

ड्राइवर और क्लीनर की मौत

इन्दौर  कल देर रात हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में केले से भरा एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मारते उसमें घुस गया। हादसा इतना भीषण था कि आयशर का अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे उसमें सवार ड्राइवर और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। मामला कनाड़िया थाना क्षेत्र में बिचौली हप्सी के पास का है।
केबिन में बुरी तरह फंसे शव –
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर का केबिन लोहे के मलबे में तब्दील हो गया। ड्राइवर और क्लीनर के शव स्टीयरिंग और सीटों के बीच इस कदर फंस गए थे कि उन्हें सामान्य तरीके से बाहर निकालना नामुमकिन था। सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुँची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
3 जेसीबी और क्रेन की मदद से चला रेस्क्यू –
घटनास्थल पर 3 जेसीबी और एक बड़ी क्रेन बुलाई गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद केबिन के हिस्सों को काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका। मृतकों की पहचान ड्राइवर रमेश (निवासी बड़वानी) और क्लीनर राजू (निवासी धार) के रूप में हुई है। केबिन में फंसे इन दोनों के शवों को पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाल पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया है।
खराब खड़ा ट्रक बना काल –
शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस ट्रक से टक्कर हुई, उसमें एक जेसीबी मशीन लोड थी। वह ट्रक तकनीकी खराबी के कारण अंधेरे में सड़क किनारे खड़ा था। आयशर ड्राइवर को अंधेरे के कारण खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसमें जा घुसा।
पुलिस की कार्रवाई –
कनाड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों वाहनों को जब्त कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या खड़े ट्रक ने कोई इंडिकेटर या पार्किंग लाइट चालू रखी थी अथवा नहीं।