:: सुनील शर्मा की भजन संध्या और 56 भोग होगा मुख्य आकर्षण, उमड़ेगी श्याम प्रेमियों की भीड़ ::
इंदौर । साजन नगर (नवलखा) स्थित खाटू श्याम नर्मदेश्वर शिव मंदिर पर रंगभरी एकादशी (ग्यारस) के पावन पर्व पर 27 फरवरी को भव्य धार्मिक अनुष्ठान एवं फाग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार कर छप्पन भोग लगाए जाएंगे, वहीं देर शाम तक भजनों की अमृत वर्षा होगी।
मंदिर समिति के प्रमुख सुरेश रामपीपल्या एवं साजन नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष सुजीत शर्मा ने बताया कि रंगभरी एकादशी पर बाबा श्याम के स्वागत और फाग उत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। समाजसेवी विष्णु बिंदल, अरविन्द बागड़ी एवं राजेश बंसल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6 बजे से होगा। इस अवसर पर बाबा श्याम का मनोहारी श्रृंगार कर उन्हें 56 भोग समर्पित किए जाएंगे।
:: भजनों की स्वर लहरियों के बीच खेलेंगे फाग ::
उत्सव के दौरान सुप्रसिद्ध भजन गायक सुनील शर्मा एवं उनके साथी कलाकार सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजन संध्या के साथ ही मंदिर परिसर में रंगारंग फाग महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु पुष्पों और गुलाल के साथ बाबा के संग होली खेलेंगे। आयोजन समिति ने शहर के सभी धर्मप्राण श्रद्धालुओं से इस भव्य आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। देर रात महाआरती के पश्चात भक्तों को प्रसादी का वितरण किया जाएगा।

